04 Mar 2026
आज होली के उपलक्ष पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तराखण्ड प्रान्त कार्यालय, देहरादून में ‘होली मिलन कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने आपसी सौहार्द के साथ एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएँ दीं और हास्य-व्यंग्य, होली के पारंपरिक गीतों तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम का वातावरण ऊर्जा और उत्साहसे भरा रहा, जहाँ सभी ने मिलकर होली की भावना को जीवंत किया।

इसी क्रम में उपस्थित प्रबुद्ध जनों एवं महिलाओं ने भी अपनी-अपनी सांस्कृतिक एवं हास्यपूर्ण प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को रोचक बनाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रान्त प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र जी ने उपस्थित सभी लोगों को तथा समस्त प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की। उन्होंने होली के उत्सवी माहौल के अनुरूप संघ जीवन के अपने कुछ रोचक एवं हास्यपूर्ण प्रसंग साझा किए, जिनका सभी ने भरपूर आनंद लिया। अपने वक्तव्य के गंभीर पक्ष में उन्होंने हाल ही में समाज में आयोजित हुए सफल हिन्दू सम्मेलनों का उल्लेख किया और विशेष रूप से इन सम्मेलनों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को समाज के लिए सकारात्मक संकेत बताया। साथ ही उन्होंने संघ द्वारा चलाए जा रहे ‘पंच परिवर्तन’के विषय पर भी अपने विचार व्यक्त किए तथा समाज को इसके प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में संघचालक देहरादून महानगर दक्षिण कैलाश मैलाना जी ने सभी उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर क्षेत्र सामाजिक समरसता प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल जी, प्रान्त प्रचार प्रमुख संजय जी, प्रान्त व्यवस्था प्रमुख नीरज मित्तल जी, प्रान्त सामाजिक समरसता प्रमुख राजेंद्र पंत जी, प्रान्त सह व्यवस्था प्रमुख पवन शर्मा, प्रान्त सह कुटुंब प्रबोधन प्रमुख अनिल नंदा जी, विभाग प्रचारक धनंजय जी, विभाग प्रचार प्रमुख गजेंद्र खंडूरी जी, महानगर प्रचारक देवराज जी, अजय जोशी जी, विधायक खजान दास जी, डॉ. गीता खन्ना जी (उपाध्यक्ष, बाल संरक्षण आयोग), डॉ. रश्मि रावत जी (प्रवक्ता, डी.ए.वी. महाविद्यालय), राष्ट्रीय सेविका समिति की संगीता चड्ढा जी, मंजू कटारिया जी सहित समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक, राजनीतिक तथा अन्य क्षेत्रों के अनेक लोग उपस्थित रहे।












