31 Dec 2025
देहरादून, 30 दिसंबर | राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्पित वरिष्ठ प्रचारक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के संपर्क प्रमुख एवं पूर्व प्रान्त प्रचारक कानपुर स्वर्गीय श्री आनंद जी की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तराखण्ड के प्रांत कार्यालय में भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। यह सभा उनके राष्ट्रनिष्ठ, अनुशासित एवं त्यागमय जीवन को नमन करने का एक सशक्त माध्यम बनी।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित स्वयंसेवकों एवं गणमान्यजनों ने स्वर्गीय आनंद जी को एक ऐसे निष्ठावान कर्मयोगी के रूप में स्मरण किया, जिनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, संगठनात्मक अनुशासन, त्याग और समर्पण का जीवंत उदाहरण रहा। उन्होंने प्रचारक के दायित्व को केवल एक भूमिका नहीं, बल्कि जीवन का परम लक्ष्य मानकर जिया।
सभा के दौरान संघ के प्रांत के वरिष्ठ स्वयंसेवकों ने संघ जीवन में स्वर्गीय आनंद जी के साथ बिताए गए क्षणों एवं व्यक्तिगत संस्मरणों को साझा किया। वक्ताओं ने बताया कि किस प्रकार उनका सरल स्वभाव, स्नेहपूर्ण व्यवहार और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा सभी के लिए प्रेरणास्रोत रही।
प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र जी ने अपने उद्बोधन में स्वर्गीय आनंद जी के जीवन के प्रेरक पक्ष को रेखांकित करते हुए कहा कि वे एक अत्यंत बुद्धिमान एवं सफल चार्टर्ड अकाउंटेंट होने के बावजूद सांसारिक सुविधाओं का त्याग कर आजीवन राष्ट्र एवं संघ कार्य को समर्पित रहे। उन्होंने बताया कि मुजफ्फरनगर में प्रवास के दौरान ही उन्होंने अपने जीवन की अंतिम सांस ली, जो उनके कर्मयोगी जीवन की पराकाष्ठा को दर्शाता है।

प्रांत प्रचार प्रमुख श्रीमान संजय जी ने अपने भावुक संस्मरण साझा करते हुए बताया कि किशोरावस्था एवं विद्यार्थी जीवन में उन्हें स्वर्गीय आनंद जी का विशेष स्नेह और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। विस्तारक जीवन से ही उनकी देखरेख, सादगी और आत्मीयता आज भी स्मृतियों में जीवंत है।
सभा का समापन दो मिनट के मौन के साथ हुआ। उपस्थित सभी स्वयंसेवकों ने स्वर्गीय श्री आनंद जी के आदर्शों पर चलने एवं उनके द्वारा दिखाए गए राष्ट्रसेवा के मार्ग को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि सभा में प्रांत कार्यकारिणी सदस्य सुरेन्द्र मित्तल जी, प्रांत व्यवस्था प्रमुख नीरज मित्तल जी, विभाग प्रचार प्रमुख गजेंद्र खंडूरी जी, राजेंद्र पंत जी, दक्षिण महानगर संघ चालक कैलाश मैलाना जी, राजीव सेठी जी, संघ के अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता, भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं गणमान्य जन सम्मिलित हुए।












