03 May 2026
देहरादून | विश्व संवाद केन्द्र, उत्तराखण्ड द्वारा ‘नारद जयंती एवं पत्रकारिता दिवस समारोह’ का भव्य आयोजन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री भाजपाश्री शिव प्रकाश जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि “देवर्षि नारद जी को विश्व के आदि पत्रकार के रूप में स्मरण किया जाता है, जिन्होंने लोककल्याण हेतु संवाद और सूचना का कार्य किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का ध्येय केवल सूचना देना ही नहीं, बल्कि भारत के दर्शन, ज्ञान, परंपरा, नैतिक मूल्यों एवं सनातन संस्कृति को सशक्त करना भी है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ-साथ सोशल मीडिया आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रभावशाली माध्यम बनकर उभरा है, जिसके माध्यम से राष्ट्रविरोधी नैरेटिव का सशक्त रूप से खंडन किया जाना आवश्यक है।

कार्यक्रम में पत्रकारिता के मूल्यों का पुनर्स्मरण करते हुए समाज में सकारात्मक, तथ्यपरक एवं राष्ट्रहितकारी पत्रकारिता को प्रोत्साहित की दिशा में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया। उत्तरकाशी से प्रताप रावत जी को सम्मानित किया गया।वरिष्ठ साहित्यकार सोमवारी लाल उनियाल जी,ई टीवी के बिरो चीफ किरण कांत शर्मा , दैनिक जागरण देहरादून से आश्विनी त्रिपाठी , रुड़की से नितिन कुमार , संचित शर्मा जी (न्यूज़ स्टेट हेड), थराली प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश सती , अमर उजाला के वरिष्ठ पत्रकार आफताब अजमत सहित प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े अनेक पत्रकारों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर “हिमालय हुंकार” पत्रिका के विशेषांक का विमोचन भी किया गया। पत्रिका के संपादक शाक्त ध्यानी जी ने इस वर्ष के विशेषांक के विषय “हिन्दू जागरण के सौ वर्ष” पर प्रकाश डालते हुए इसकी प्रासंगिकता को रेखांकित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ निदेशक, बिंदलस बायोटेक लिमिटेड अशोक बिंदलस जी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सम्मानित पत्रकारों को शुभकामनाएं देते हुए पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और उसकी चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में पत्रकारिता की विश्वसनीयता एवं नैतिकता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित, अनुशासित एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसने पत्रकारिता के प्रति सम्मान एवं जागरूकता को और अधिक सुदृढ़ किया।



इस भव्य कार्यक्रम में क्षेत्र सामाजिक समरसता प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल जी, प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र जी, सह प्रांत प्रचारक श्री चंद्रशेखर जी, प्रान्त प्रचार प्रमुख संजय जी, विभाग प्रचारक धनंजय जी, विभाग प्रचार प्रमुख गजेन्द्र खण्डूरी जी, अध्यक्ष सुरेन्द्र मित्तल जी, सचिव श्री राजकुमार टांक, संपादक हिमालय हुंकार रणजीत सिंह ज्याला जी सहित अनेक सम्मानित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।












