22 Jun 2025
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तराखंड की पहल पर 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग (महाविद्यालयीन एवं व्यवसायी वर्ग) विक्रम संवत 2082, 30 मई शुक्रवार से 14 जून शनिवार 2025 तक सरस्वती विद्या मंदिर, नई टिहरी में आयोजित किया गया।
संघ शिक्षा वर्ग का समापन समारोह बौराड़ी स्टेडियम, नई टिहरी में संपन्न हुआ। इस अवसर पर 191 प्रशिक्षित स्वयंसेवकों ने शारीरिक अभ्यास, योगासन, नियुद्ध, दंड युद्ध कौशल और घोष का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।

समापन कार्यक्रम में मुख्य वक्ता संघ के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की परिकल्पना डॉ. हेडगेवार ने 1925 में की थी और आज यह संगठन अपने शताब्दी वर्ष की ओर अग्रसर है। यह संगठन समाज के हर वर्ग तक पहुंचने और सेवा, समरसता तथा राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। बताया कि संघ पर इतिहास में तीन वार प्रतिबंध लगाए गए, फिर भी संगठन ने अपने कार्य को नहीं रोका।
उन्होंने बताया कि संघ कार्यकर्ता कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण एवं जल संरक्षण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्यों को केंद्र में रखकर समाज में जागरूकता लाने का कार्य करेंगे। इन पांच बिंदुओं को जीवन में उतारना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
मुख्य अतिथि कर्नल शूरवीर सिंह नेगी (से.नि) ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, संगठनात्मक भावना और राष्ट्रभक्ति का भाव विकसित होता है।

कार्यक्रम में प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र, प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल, सह प्रांत प्रचारक चंद्रशेखर, प्रांत प्रचार प्रमुख संजय, सह प्रांत प्रचार प्रमुख हेम पांडेय, संघ शिक्षा वर्ग के सर्वाधिकारी कैलाश मैलाना, जिला संघचालक सत्य प्रसाद सेमवाल, विभाग प्रचारक धनंजय, कृषि मंत्री गणेश जोशी, वन मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक किशोर उपाध्याय, शक्ति लाल शाह, विनोद कंडारी, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत आदि उपस्थित रहे।












