22 Jun 2025
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग और घोष वर्ग ज्येष्ठ कृष्ण त्रयोदशी 25 मई रविवार से ज्येष्ठ शुक्ल चतुर्दशी 10 जून 2025 मंगलवार तक एम.आई.ई.टी.लामाचौड़ हल्द्वानी, जनपद नैनीताल में आयोजित किया गया। इस मौके पर स्वयंसेवकों ने सामूहिक पथ संचलन, उद्घोष प्रदर्शन, दंड प्रहार, सामूहिक समता एवं योग का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति प्रफुल्ल चंद्र ने कहा कि पिछले 100 वर्षों में भारत की संस्कृति व समाज को जोड़ने में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने महत्वपूर्ण कार्य किया है। आरएसएस के स्वयंसेवकों ने समाज में अनुशासन, देशप्रेम, समाजसेवा के कार्यों में योगदान दिया है। संघ ने राष्ट्र को विभाजन से बचाने और संपूर्ण हिंदू समाज को एकजुट रखने हेतु महत्वपूर्ण कार्य किया है। जिस प्रकार परिवार संगठित रखने में प्रेम व त्याग की आवश्यकता होती है, उसी तरह देश की एकता के लिए भी संपूर्ण हिंदू समाज को एकजुट होना अति आवश्यक है।
समापन समारोह के मुख्य वक्ता संघ के अखिल भारतीय सहसेवा प्रमुख राजकुमार मटाले ने भगवान बिरसा मुंडा को याद करते हुए कहा कि संघ की शाखा व्यक्ति निर्माण का केंद्र है। उन्होंने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की निंदा की और कहा कि आतंकवाद के चलते सैकड़ों निर्दोष लोगों की हत्या हुई है जो निंदनीय है। कहा कि वर्तमान में संघ के 40 से ज्यादा संगठन समाजसेवा, समाज निर्माण से जुड़े हैं। आज पूरा विश्व भारत के दर्शन व भारत के चिंतन पर नजरें टिकाए है।

यहां वर्गाधिकारी शिवराज, वर्ग कार्यवाह आशीष ओबरॉय, वर्ग पालक संजय, प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र, सह-प्रांत प्रचारक चंद्रशेखर, विभाग प्रचारक इंद्रमोहन, व्यवस्था प्रबंधक यशपाल बिष्ट, सह प्रबंधक प्रदीप जनौटी, विशंभर कांडपाल आदि मौजूद रहे।












