23 Jul 2025
स्वामी रामतीर्थ मिशन देहरादून में डॉ. स्वामी शिवचंद्र दास का अखिल भारतीय स्वामी रामतीर्थ मिशन के परमाध्यक्ष के रूप में बीती 23 जुलाई को पट्टाभिषेक किया गया। पट्टाभिषेक समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, परमार्थ निकेतन अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती, पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के आचार्य बालकृष्ण समेत अनेक संत, मुनि और मठाधीश शामिल हुए।


वैदिक मंत्रोच्चारण एवं पारम्परिक अनुष्ठानों के साथ स्वामी रामतीर्थ मिशन में गुरु परंपरा का पालन करते हुए पादुका का दिव्य अभिषेक किया गया।
ऐतिहासिक, आध्यात्मिक, प्रेरणादायक क्षण का साक्षी बनने के लिए परमाध्यक्ष श्रीबाबा मस्तनाथ मठ स्थल बोहर रोहतक, श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन, साधु समाज की मौजूदगी में सनातन धर्म की मूल भावना, गुरु शिष्य परंपरा के अनुरूप यह आयोजन सम्पन्न हुआ।
परमार्थ निकेतन अध्यक्ष स्वामी चिंदानंद सरस्वती ने डॉ. स्वामी शिवचंद्र दास को पट्टाभिषेक की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत की इस सांस्कृतिक धरा में तपस्या, त्याग, तप, साधना व समर्पण सनातन की दिव्य धारा है। यह पट्टाभिषेक केवल एक दायित्व का हस्तांरण नहीं बल्कि एक जीवंत संस्कृति के संरक्षण का संकल्प है।
गुरु केवल शिष्य नहीं बनाते, बल्कि गुरु, गुरु बनाते हैं। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि सनातन परंपरा का यह पट्टाभिषेक हमारी संस्कृति का केन्द्रीय स्तंभ है। जब ज्ञान, साधना और सेवा एक साथ आते हैं तब एक महान संस्था जन्म लेती है।
सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने कहा कि स्वामी रामतीर्थ भारत माता के यशस्वी सपूत थे। जिन्होंने राष्ट्र निर्माण और आत्मनिर्भरता का मंत्र युवाओं को दिया। डॉ. शिवचंद का पट्टाभिषेक उस धारा को गति देगा।












