20 Oct 2025
दीपावली स्नेह मिलन एवं सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन !
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रांत कार्यालय, भाऊराव देवरस कुंज, तिलक मार्ग देहरादून उत्तराखण्ड में आज दीपावली की पूर्व संध्या पर “दीपावली स्नेह मिलन एवं सांस्कृतिक संध्या” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कलाकारों ने दीपावली के उल्लास और भारतीय परंपरा की झलक प्रस्तुत की।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरकार्यवाह, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य श्रीमान सुरेश भैय्याजी जोशी जी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में उपस्थित सभी स्वयंसेवकों एवं अतिथियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि “भारत उत्सवों का देश है, यहां वर्षभर किसी न किसी पर्व का उल्लास छाया रहता है। भारत की पुण्यभूमि पर जन्म लेना हमारे लिए गर्व की बात है और आज सम्पूर्ण विश्व भारत की ओर नई दृष्टि से देख रही है। विदेशों में भी भारतीय अपने देश की संस्कृति और मूल्यों के कारण गर्व का अनुभव करते हैं। हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि हमने स्वाधीन भारत में जन्म लिया है। यह हमारा सामूहिक दायित्व है कि हम अपनी आज़ादी को अक्षुण्ण बनाए रखें।
श्रीमान भैयाजी जोशी ने यह प्रतिपादित किया कि देश में केवल भौतिक या ढांचागत विकास ही नहीं, बल्कि मानसिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक निर्माण भी आवश्यक है, ताकि समाज का समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित हो।
भैयाजी जोशी ने धर्मांतरण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की आवश्यकता पर बल देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग से इस दिशा में अडिग संकल्प लेने का आग्रह किया। इज़रायल का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि भारत को भी आंतरिक एवं बाह्य चुनौतियों का दृढ़ता और सामर्थ्य के साथ सामना करने हेतु स्वावलंबी, सशक्त और सजग राष्ट्र बनना होगा।
कार्यक्रम का संचालन श्री पवन शर्मा जी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र जी, प्रान्त प्रचार प्रमुख श्रीमान संजय जी, विभाग प्रचारक श्रीमान धनंजय जी, मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी, अनेक मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि एवं प्रांत स्तरीय प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, देहरादून की ओर से समस्त राष्ट्रवासियों को दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं।
जय हिंद, जय भारत !












