01 Feb 2026
“संगठित हिन्दू समाज ही समर्थ भारत का आधार।” – प्रान्त प्रचार प्रमुख श्रीमान संजय जी
नई टिहरी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर के प्रांगण में सकल हिन्दू समाज द्वारा विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र से बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तराखण्ड के प्रान्त प्रचार प्रमुख श्रीमान संजय जी ने अपने ओजस्वी संबोधन में संघ के शताब्दी वर्ष के भविष्य-दर्शन को साझा किया। उन्होंने धर्म जागरण का आह्वान करते हुए कहा कि हिन्दू समाज का संगठित रहना, भारत की सुरक्षा के लिए अति आवश्यक है। उन्होंने संघ द्वारा चलाए जा रहे पंच-परिवर्तन के विषयों—पर्यावरण संरक्षण, परिवार प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य, सामाजिक समरसता और स्वदेशी जीवन शैली पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा, “जब परिवार संस्कारित होगा और समाज संगठित होगा, तभी भारत पुनः विश्व गुरु के पद पर आसीन होगा।”
मुख्य अतिथि के रूप में पधारे जूना अखाड़े के महामण्डलेश्वर स्वरूपानन्द यती जी ने उपस्थित जनसमूह को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए युवाओं को आगे आने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ दन्त चिकित्सक श्रीमती थपलियाल एवं अध्यक्षता वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक श्रीमती मिश्रा द्वारा की गई।
महिला शक्ति की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को नई दिशा प्रदान की।
सम्मेलन का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ रहीं। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और गीतों से उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर सभी में देशभक्ति का जज्बा जगाया।













